बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के एनएच-18 पर ओम स्टोर के समीप देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टला. रांची से सब्जी लादकर कोलकाता की ओर जा रहा छह चक्का आयशर वाहन अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराते हुए बीच सड़क पर ही पलट गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई. मिली जानकारी के अनुसार, वाहन चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार वाहन पहले सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकराया और फिर बीच सड़क पर पलट गया. (नीचे भी पढ़ें)
हादसे के बाद वाहन में लदी हरी सब्जियों के बोरे सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची एवं वाहन के अंदर फंसे चालक और सह-चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा सड़क पर बिखरी सब्जियों को किनारे कराकर यातायात को सुचारू रूप से शुरू करवाया. साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान थकान या नींद महसूस होने पर वाहन रोककर विश्राम जरूर करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.



