जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके गालूडीह में इन दिनों एक अनोखा मुर्गा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. आमतौर पर मुर्गों को केवल पालन-पोषण या भोजन के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां का यह खास मुर्गा अपनी अलग पहचान बना रहा है. स्थानीय लोगों द्वारा प्यार से ‘मुर्गु’ कहे जाने वाले इस मुर्गे का आकार और वजन इसकी सबसे बड़ी खासियत है. जहां सामान्य मुर्गे 2 से 3 किलो तक के होते हैं, वहीं ‘मुर्गु’ का वजन लगभग 5 से 6 किलो बताया जा रहा है. इसका शरीर मजबूत और विशाल है, जिससे यह एक जंबो साइज का मुर्गा प्रतीत होता है. यही कारण है कि इसे देखने के लिए आसपास के लोग भी उत्सुकता के साथ पहुंच रहे हैं. इस मुर्गे के मालिक यशवंत के अनुसार, ‘मुर्गु’ केवल एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि उनके घर और खेतों का सतर्क रखवाला भी है. (नीचे भी पढे़ं)
वे बताते हैं कि यह मुर्गा खेतों में आने वाले सांपों को देखकर आक्रामक हो जाता है और अब तक करीब 50 से 60 सांपों को भगा चुका है. यह बात भले ही चौंकाने वाली लगे, लेकिन गांव के कई लोग इसकी इस खासियत के प्रत्यक्ष गवाह हैं. गांव में इस अनोखे मुर्गे को लेकर खासा आकर्षण देखने को मिल रहा है. ‘मुर्गु’ न सिर्फ अपने असामान्य आकार के कारण बल्कि अपनी बहादुरी और सतर्कता के चलते भी लोगों के बीच चर्चा में बना हुआ है. यह अनोखा उदाहरण ग्रामीण जीवन में पालतू जानवरों की उपयोगिता को एक नई दृष्टि से प्रस्तुत करता है.




