रामगोपाल जेना / चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत चालमी (लंगकुटा) गांव में युवक की हत्या कर कुंए में शव फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है. इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपी का नाम लक्ष्मण हेस्सा (24) है, जो टोंटो के चालमी निवासी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 मार्च को सुबह लगभग 8 बजे ग्रामीण मुंडा चालमी द्वारा सूचना दी गयी कि रामसिंह हेस्सा के खेत स्थित कुंए के पास खून गिरा हुआ है तथा कपड़ा झाड़ी में फेंका गया है. आशंका जताई गयी कि किसी व्यक्ति की हत्या कर शव को कुंए में डाल दिया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चाईबासा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जगन्नाथपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गयी.
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन तकनीकी शाखा एवं गुप्त सूचना के आधार पर 19 मार्च को उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना जलावन की लकड़ी तथा मृतक का जैकेट बरामद किया गया. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक श्रीधर बारी अपने चाचा के साथ पर्व मनाने चालमी आया हुआ था. घटना के दिन वह आरोपी लक्ष्मण हेस्सा के घर गया, जहां नशे की हालत में गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया. इसी दौरान आरोपी की बहन लक्ष्मी हेस्सा से मृतक की पूर्व में भी कहासुनी हुई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया. गुस्से में आकर आरोपी लक्ष्मण हेस्सा ने अपने साथी एवं जीजा गणेश पुरती के साथ मिलकर जलावन की लकड़ी से मारकर श्रीधर बारी की हत्या कर दी. हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को रस्सी से पत्थर बांधकर कुंए में फेंक दिया गया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी गणेश पुरती की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.



