
जमशेदपुर : जमशेदपुर के विभिन्न नदी घाटों पर मंगलवार की संध्या भगवान भास्कर को पहला अर्घ अर्पण किया गया. चार दिवसीय चैती छठ के तीसरे दिन लोग सुबह से ही छठ घाट जाने वाले रास्ते एवं छठ घाटों की सफाई एवं सजावट करते देखे गये. शाम चार बजे छठ मैया के गीतों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य अर्घ अर्पित करने को लेकर घरों से छठ व्रती स्वजन के साथ गीत गाते हुए निकलने लगे. वहीं छठ घाट पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ अर्पित किया. (नीचे भी पढे़ं)
वहीं सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहे. उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए जमशेदपुर वासियों को नवरात्र और छठ पूजा की शुभकामनायें दी है. उन्होंने कहा कि चैती छठ में भी हजारों की संख्या में व्रतियों ने छठ को पूरी आस्था के साथ किया है. यह पर्व स्वच्छता और प्रकृति का पर्व है. (नीचे भी पढ़ें)

बुधवार की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ अर्पण के साथ ही चार दिवसीय चैती छठ संपन्न हो जायेगा. इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास भी खत्म हो जायेगा.




