जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला कार्यक्रम ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर के रूप में तालसा ग्राम में आयोजित किया जाएगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने आसपास के ग्रामीणों से ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है. शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नेत्र चिकित्सक की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जो आंखों से सम्बन्धित समस्या के निवारण के लिए दवा चश्मा व आवश्यक होने पर ऑपरेशन निर्देशित करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
श्री सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही पहले सप्ताह में रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से चार रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें 4 अप्रैल को हरि सावा फाउण्डेशन के सहयोग से ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन पायल सिनेमा कॉम्पलेक्स में आयोजित होगा. वहीं 5 अप्रैल को जमशेदपुर ब्लड सेंटर के साथ श्री गणिनाथ सेवा संस्थान के सहयोग से गोलमुरी में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा. इसके अलावा 5 अप्रैल को तमोलिया आस्था वैली में रक्तदान शिविर का आयोजन ब्रह्मानन्द ब्लड सेंटर के सहयोग से किया जायेगा. 8 अप्रैल को रेड क्रॉस भवन में जमशेदपुर ब्लड सेंटर के सहयोग से स्व चित्तरंजन मुखर्जी एवं शहीद सैनिकों की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन लॉयन्स क्लब के पूर्व जिला पाल सुदीप्तो मुखर्जी एवं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संयोजन में आयोजित किया जाएगा. इसी क्रम में 5 अप्रैल से 10 अप्रैल तक सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग के 217वें बैच का आयोजन रेड क्रॉस भवन में किया जाएगा, एवं इस वित्तीय वर्ष का पहला नेत्र ज्योति यज्ञ ल़ॉयन्स क्लब ऑफ जमशेदपुर नॉर्थ के संयोजन में 4 से 6 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि जिस प्रकार वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी ने जिले के उपायुक्त सह अध्यक्ष कर्ण सत्यार्थी के सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में तथा उपाध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा की देखरेख में 39 तीन दिवसीय नेत्र शिविर के माध्यम से रिकार्ड 1805 नेत्र रोगियों की आंखों के मोतियाबिन्द के ऑपरेशन के साथ लेंस का प्रत्यारोपण किया गया. वहीं, 28 शहरी व ग्रामीण स्वास्थ्य शिविरों से 1780 लोगों को शारीरिक जांच के साथ निःशुल्क दवा व चश्मा भी प्रदान किया गया. 59 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 5300 यूनिट रक्त एवं वर्ष भर चले रक्त जागरुकता एवं कम्पोनेंट डोनेशन अभियान से 300 यूनिट एसडीपी प्राप्त कर जरूरतमंदों का जीवन बचाने को उपलब्ध कराया गया. इसी क्रम में 12 प्रत्येक माह आयोजित होने वाले सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग के माध्यम से 210 लोगों को इस क्षेत्र में निपुण किया गया, वहीं कॉर्पोरेट संस्थानों के 100 लोगों को फर्स्ट एड एवं आर्टिफिशियल रेस्पिरेशन सम्बन्धी ट्रेनिंग प्रदान कर उनके कार्यक्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों के लिए तैयार किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कम्युनिटी फर्स्ट एड ट्रेनिंग के तहत ट्रैफिक ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं को इस तकनीक की जानकारी प्रदान की गई. वहीं स्कूलों में रेडी मील तैयार कर भेजने वाली संस्था अन्नमित्र फाउण्डेशन के धतकीडीह स्थित केन्द्र में वहां कार्यरत कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया. इसके साथ ही रेड क्रॉस ने 2025-26 में 24 फर्स्ट एड एवं एम्बुलेंस सेवा शिविरों के माध्यम से आम जनजीवन को सुरक्षित करने का प्रयास किया. इस वर्ष रेड क्रॉस के राज्यशाखा के कमिटी गठन के साथ ही राज्यशाखा के सक्रिय होने पर पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस ने अपनी मजबूत उपस्थिति के साथ पूरे राज्य के रेड क्रॉस के लिए एक नया और सेवा का आदर्श रास्ता सुझाया. 12 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय रक्तदान शिविर को लोकभवन में सफल बनाने हेतु रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई, जिसकी सराहना पूरे राज्य से हुई. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस पूर्वी सिंहभूम प्रतियोगिता में नहीं बल्कि अपने ही लक्ष्यों से आगे सेवा कार्य को करने में विश्वास रखता है, और वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी पीड़ित मानवता की सेवा के उद्देश्य से कार्यों को और प्रगति देकर इस लक्ष्य से आगे कार्य करने को संकल्पित है.














