रामगोपाल जेना,चाईबासा:आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ की गई. इस अवसर पर गायत्री परिवार, चाईबासा के तत्वावधान में विधि-विधान पूर्वक अनुष्ठान संपन्न कराया गया. महायज्ञ में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. गायत्री मंत्रोच्चारण के बीच पूरे विद्यालय परिवार ने नए सत्र में बेहतर शैक्षणिक माहौल, सफलता और समृद्धि की कामना की. विद्यार्थियों ने माता सरस्वती की पूजा-अर्चना कर अपने अध्ययन कार्य की शुरुआत की.(नीचे भी पढ़े)

अनुष्ठान के पश्चात बच्चों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा. विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी वैदिक परंपरा के अनुसार भगवान की आराधना के साथ नए सत्र की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि इस महायज्ञ का उद्देश्य विद्यालय में सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाना और बच्चों में संस्कारों का विकास करना है. प्रधानाध्यापक ने इस आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षक समीर कुमार सिंह तथा गायत्री परिवार, चाईबासा के प्रति आभार व्यक्त किया.



