जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो इलाके में बुधवार शाम ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. शहर के सबसे व्यस्त मानगो में से एक मानगो ब्रिज पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जाम में एक एम्बुलेंस भी फंस गई, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों देखने को मिली. शाम के व्यस्त समय में अचानक बढ़े वाहनों के दबाव और ट्रैफिक प्रबंधन की कमी के कारण मानगो चौक से लेकर मानगो पुल तक वाहनों की लंबी कतार लग गई. वहीं, डिमना रोड, ओल्ड पुरुलिया रोड और पायल सिनेमा से मानगो चौक तक भी जाम का असर साफ दिखाई दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

चारों ओर गाड़ियों की लंबी लाइन और हॉर्न की आवाज से पूरा इलाका जाम में जकड़ा नजर आया. जाम में फंसे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर का सामना करना पड़ा. ऑफिस से लौट रहे कर्मचारी, स्कूली बच्चे और आम राहगीर सभी इस अव्यवस्था से परेशान दिखे. कई लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर स्थिति को समझने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन ट्रैफिक सामान्य होने में काफी समय लग गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि मानगो ब्रिज पर अक्सर शाम के समय जाम की स्थिति बनती है, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा खराब रही. लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कमी और उचित व्यवस्था नहीं होने को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया. करीब एक घंटे बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य हुआ, लेकिन इस दौरान लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मानगो ब्रिज पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके.














