रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : कोल्हान क्षेत्र के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध केरा मेला के आयोजन को लेकर केरा मेला संचालन समिति द्वारा गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गयी. इस दौरान मेला की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गयी. मेला संचालन समिति के अध्यक्ष अभिजीत भट्टाचार्य ने बताया कि इस वर्ष केरा मेला का आयोजन 10 अप्रैल 2026 से शुरू होगा, जिसमें पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी. उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि—
10 अप्रैल (शुक्रवार): यात्रा घट
11 अप्रैल (शनिवार): वृंदावन यात्रा
12 अप्रैल (रविवार): गरियाभार एवं राजवाड़ी में छऊ नृत्य
13 अप्रैल (सोमवार): मेलु यात्रा, जलाभिषेक एवं मंदिर प्रांगण में छऊ नृत्य
14 अप्रैल (मंगलवार): कालिका घट दर्शन, अग्नि एवं कांटा पर भक्तों का चलना (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष ने बताया कि मेला में हर वर्ष की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. प्रेस कांफ्रेंस में संरक्षक कामख्या प्रसाद साहू, सिद्धार्थ सिंहदेव, सचिव इंदिवर सिंहदेव, कोषाध्यक्ष अनादि साहू, उपाध्यक्ष राजू साहू, सह सचिव प्रकाश कर, सह कोषाध्यक्ष सागर नायक सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. मेला संचालन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है.



