जमशेदपुर : ऑल इंडिया कन्वाई वर्क्स यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल महामंत्री जय नारायण सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू से मुलाकात करने पहुंचा. इस दौरान यूनियन ने कन्वाई क्षेत्र में चल रहे कथित गड़बड़ियों और चालकों के शोषण से जुड़े गंभीर मुद्दों को विस्तार से रखा. प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि कुछ लोग कन्वाई चालकों को गुमराह कर रहे हैं, साथ ही जिला प्रशासन और स्वयं विधायक को भी भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं. आरोप है कि ये तत्व प्रबंधन को ब्लैकमेल करने के साथ-साथ विधायक के नाम का गलत इस्तेमाल कर चालकों से जबरन चंदा वसूली (भयादोहन) करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यूनियन ने स्पष्ट किया कि ऐसे लोग वर्षों से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिससे कन्वाई चालकों को लगातार नुकसान उठाना पड़ रहा है. प्रतिनिधिमंडल ने भरोसा जताया कि इन असामाजिक तत्वों की मंशा कभी सफल नहीं होगी और जल्द ही इनके खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की गई. इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष शिवनारायण रजक, उपाध्यक्ष सुदामा यादव, श्याम यादव, करमजीत सिंह, अरुण श्रीवास्तव, राजेंद्र सिंह सहित सैकड़ों चालक मौजूद रहे. यूनियन ने विधायक से मांग की है कि ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई कर कन्वाई चालकों को न्याय दिलाया जाए.




