जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में वर्ष 2025 के चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है. फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल शहबाज अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गयी है. पुलिस की इस कार्रवाई को मामले की जांच में बड़ी प्रगति माना जा रहा है. यह मामला 6 सितंबर 2025 की रात का है, जब चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी के वार्ड संख्या-21 स्थित हैदर फैक्ट्री के पास अपराधियों ने मो. सिद्दीक खान पर जानलेवा फायरिंग की थी. इस हमले में सिद्दीक खान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. घटना के अगले दिन, 7 सितंबर 2025 को कपाली ओपी में मामला दर्ज किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया था. इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गुरुवार को फरार आरोपी शहबाज अंसारी (20 वर्ष), निवासी अंसारनगर डैमडूबी, कपाली को गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गयी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या जेएच05डीएक्स 1765) भी बरामद कर ली गयी है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. छापामारी दल में अनुसंधानकर्ता जितेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी विपुल कुमार तिवारी और आरक्षी दस्तगीर आलम शामिल थे. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है.














