रामगोपाल जेना
चाईबासा/कुमारडुंगी: भाजपा कुमारडुंगी मंडल पूर्वी एवं पश्चिमी भाग की ओर से पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिकूबालकांड स्किल सेंटर में किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर सिंकु ने किया. प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. मुख्य रूप से झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व जिला अध्यक्ष संजू पांडे, पूर्व प्रत्याशी भूषण पाठ पिंगुवा, प्रखंड प्रमुख नितम गागराई और संजीव मटिया की उपस्थिति रही. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा जिला द्वारा निर्देशित मंडल के अन्य कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से अवगत कराने तथा आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और आम लोगों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने पर जोर दिया. प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें संगठनात्मक संरचना, बूथ स्तर की जिम्मेदारियां, जनसंपर्क और राजनीतिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गयी. वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं को अपनी भूमिका बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है और संगठन को मजबूत आधार मिलता है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया.














