जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस को बुधवार तड़के एक बड़ी सफलता मिली. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गदड़ा भूमिज टोला स्थित एक प्राथमिक विद्यालय परिसर में छापेमारी कर हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस को देखते ही कुछ अन्य युवक मौके से फरार होने में सफल रहे. जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि विद्यालय परिसर में कुछ संदिग्ध युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सुबह करीब 3:30 बजे इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान भागने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दबोच लिया. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गदड़ा ड्राइवर कॉलोनी निवासी रौशन सिंह उर्फ पाका, बारिगोड़ा निवासी रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली और राहड़गोड़ा निवासी आनंद पॉल के रूप में हुई है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्तौल भी बरामद की है. इस संबंध में परसुडीह थाना प्रभारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे.



