जमशेदपुर : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा-नागुड़साई में स्वर्णरेखा नदी के किनारे दूसरी बार एक बम मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में विगत तीन दिनों से भारी खौफ का माहौल बना हुआ है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को रांची से कैप्टन आयुष कुमार सिंह के नेतृत्व में भारतीय सेना की एक विशेष टीम जांच के लिए पहुंची. मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद कैप्टन सिंह ने थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह एक ‘जिंदा बम’ प्रतीत हो रहा है, जिसकी मारक क्षमता और तकनीकी पहलुओं का सेना के विशेषज्ञों द्वारा गहन अध्ययन किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि फिलहाल इस विस्फोटक की विस्तृत रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिसके बाद वहां से मिलने वाले दिशा-निर्देशों के आधार पर इसे सुरक्षित रूप से डिफ्यूज (निष्क्रिय) करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. तब तक सुरक्षा के लिहाज से सेना ने आम लोगों को बम के करीब न जाने की सख्त हिदायत देते हुए पूरे इलाके को निगरानी में ले लिया है.














