सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पदभार संभालते ही साफ कर दिया है कि उनकी पहली प्राथमिकता क्राइम कंट्रोल और महिला सुरक्षा होगी. उन्होंने कहा कि टीम वर्क के जरिए पब्लिक और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके. एसपी ने बताया कि थाना स्तर पर अक्सर पुलिस-पब्लिक समन्वय में कमी देखने को मिलती है. इसे सुधारने के लिए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस को एक परिवार की तरह काम करना होगा और जनता के सहयोग से ही जिले को सुरक्षित बनाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
महिला और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और समय पर जांच सुनिश्चित की जाएगी. रात में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए गश्ती बढ़ाने की बात भी कही गई है. खासकर देर रात होने वाले कार्यक्रमों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिलाएं और बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें. एसपी ने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरत दें. उन्होंने कहा कि “जनता ही हमारी आंख, नाक और कान है” और सभी का लक्ष्य एक सुरक्षित सरायकेला-खरसावां बनाना होना चाहिए.



