जमशेदपुर : टाटानगर में विगत 3 वर्षों से यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर आज जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की अध्यक्षता में ‘रेल यात्री संघर्ष समिति’ के संयोजक शिवशंकर सिंह के केबुल टाऊन स्थित कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि पिछले कई वर्षों से सभी यात्री ट्रेनें कई-कई घण्टे विलम्ब से चल रही हैं, जिसके कारण यात्रियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. इसके लिए पिछले दिनों जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के नेतृत्व में टाटानगर स्टेशन में धरना-प्रदर्शन भी किया गया था. आन्दोलन के पश्चात भी रेल प्रबन्धन की ओर से कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने कहा कि पिछले आन्दोलन के बाद भी रेल प्रबंधन की ओर से सुधार की कोई पहल नहीं कि गई, जिसको ध्यान में रखते हुए कल संघर्ष समिति द्वारा रेल प्रबन्धक को ज्ञापन सौंपा जाएगा. इसके साथ ही आज की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 26 अप्रैल को रेल प्रबन्धन के खिलाफ टाटानगर स्टेशन में क्रमबद्ध तरीके से आन्दोलन को तेज करते हुए हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. समिति की ओर से शहर के अधिक से अधिक लोगों को इस हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने का आग्रह किया गया. आज की बैठक में मुख्य रूप से जदयू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, सुधीर सिंह, अजय कुमार, आजसू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष कन्हैया सिंह एवं अन्य उपस्थित रहे.



