जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत आरडीटाटा गोलचक्कर के पास रविवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही. मिली जानकारी के अनुसार, आरडी टाटा गोलचक्कर के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा हेलमेट जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना हेलमेट स्कूटी से जा रहे एक महिला और पुरुष ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों को देखकर वाहन की गति बढ़ाने का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़े)
तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार महिंद्रा पिकअप वैन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उठाकर प्राथमिक सहायता दी और एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा. घायलों की पहचान और उनकी वर्तमान स्थिति के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. उनका आरोप था कि हेलमेट जांच अभियान अव्यवस्थित तरीके से चलाया जाता है, जिससे वाहन चालक घबरा जाते हैं और दुर्घटनाएं होती हैं. प्रदर्शनकारियों ने जांच अभियान को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर जाम हटवाया. अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.






