कुमारडुंगी : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत उसामबीर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 25 वर्षीय युवती सुमित्रा बरजो ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बड़ाईसेरंग के सुनसान इलाके की है. बताया जा रहा है कि बीती रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह भोजन कर सो गए थे. सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जब सुमित्रा की मां जशमति बरजो शौच के लिए बाहर निकलीं, तो उन्होंने इमली के पेड़ से बेटी को लटका हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए. घटना की सूचना गांव के मुंडा द्वारा तुरंत पुलिस को दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही कुमारडुंगी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया. इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया. फिलहाल इस घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.



