जमशेदपुर : नगर की अग्रणी साहित्यिक संस्था ‘ जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद्’ के प्रकाशन की 60वीं कड़ी के रूप में प्रकाशित नगर के ख्यातिलब्ध कवि कैलाशनाथ शर्मा ‘गाजीपुरी’ रचित भोजपुरी गीत संग्रह” चलS चलीं गँउवां के ओर” का पिछले दिनों हुए लोकार्पण समारोह में परिषद प्रवर समिति के सदस्य कन्हैया सिंह ‘सदय’, जिन्होंने पुस्तक के प्रकाशन में भरपूर सम्पादकीय सहयोग किया था, परन्तु अस्वस्थता के कारण आयोजन में शामिल नहीं हो पाये थे. अत: परिषद द्वारा उनके इस अति विशिष्ट सहयोग के लिए उन्हें उनके निवास पर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर कन्हैया सिंह सदय को बधाई देते हुए परिषद के सचिव डॉ अजय कुमार ओझा ने कहा कि सम्मान का यह क्षण जमशेदपुर भोजपुरी साहित्य परिषद् के लिए भी गौरव का क्षण है. परिषद् सदस्य अजय प्रजापति ने सदय जी के द्वारा भोजपुरी साहित्य के लिए किये गये कार्यों को ऐतिहासिक महत्व का बताया. वहीं कन्हैया सिंह सदय ने कवि ग़ाज़ीपुरी के लेखन को और ज्यादा पहचान मिलने की कामना करते हुए कहा कि डॉ अजय ओझा के नेतृत्व में परिषद उल्लेखनीय कार्य कर रही है. कवि कैलाश नाथ शर्मा ने साहित्यकार सदय जी के स्वस्थ जीवन की कामना की और सभी को धन्यवाद दिया. मौके पर परिवार के सदस्यों के अलावा परिषद् के प्रकाशन सचिव हरिहर राय चौहान, शिवनंदन सिंह एवं अन्य उपस्थित रहे.



