जमशेदपुर : देश में परिसीमन लागू करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाये गये बिल को लागू नहीं कर पाने के बाद भाजपा कांग्रेस और तमाम विपक्षी पार्टियों पर हमलावर है. हर जिले में भाजपा संवाददाता सम्मेलन कर कांग्रेस और पूरे विपक्ष को घेर रही है और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने से रोकने का आरोप लगा रही है. इन लोगों ने बताया कि केंद्र सरकार सीटें बढ़ाकर महिलाओं को 33 फीसदी सीट चुनाव में आरक्षित करना चाहती थी. लेकिन बिल को कांग्रेस और विपक्षी दलों ने पास होने नहीं दिया. सोमवार को जमशेदपुर में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल और पूर्व मंत्री भानु प्राताप शाही ने संवाददाता सम्मेलन किया. इस संवाददाता सम्मेलन में दोनों के अलावा पोटका से विधानसभा में प्रत्याशी रही मीरा मुंडा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष नीलू मछुआ, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला प्रवक्ता प्रेम झा मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)

बिष्टुपुर तुलसी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस परिसीमन का लाभ झारखंड में भी होता. यहां की 14 लोकसभा की सीट बढ़ती तो यहां भी महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित होती. 50 फीसदी सीटे सीधे तौर पर बढ़ोत्तरी होती, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया. इन लोगों ने यह भी कहा कि विधानसभा की सीटें भी बढ़ायी जानी है. 81 विधानसभा सीटों को बढ़ाकर 125 से अधिक किया जाना है. इसको भी सरकार लागू करना चाहती है. केंद्र सरकार चाहती थी कि 2029 तक इसको लागू कर दिया जाये. अब चूंकि, कांग्रेस, झामुमो, राजद समेत तमाम विपक्षी दलों ने इसको रोकवा दिया है तो हम लोग इसमें कुछ नहीं कर सकते है, अब जनगणना होगी, उसकी रिपोर्ट आयेगी तब जाकर ही बिल पास होगा. भाजपा ने एक बार फिर से साफ किया कि वे लोग चाहते है कि 2029 तक बिल को लागू कर दिया जाये. लेकिन अब अड़चन पैदा कर दी गयी है तो कोई उपाय नहीं किया जा सकता है. पूरे देश की जनता को पीछे ढकेला है और महिला आरक्षण की भ्रूण हत्या कांग्रेस और विपक्षी दलों ने मिलकर कर दी है.



