जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से टाटा स्टील एवं निप्पन स्टील के संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत 815वां नेत्र शिविर का समापन आज बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय से नेत्र रोगियो की विदाई के साथ हो गया. इससे पूर्व नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह द्वारा ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों के आंखों की अंतिम जांच की गयी एवं नेत्र रोगियों को दवा व चश्मा प्रदान करने के साथ ऑपरेशन कराई आंखों की देखभाल की जानकारी रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदान की गई. (नीचे भी पढ़ें)

आज नेत्र रोगियों की विदाई के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ कार्यकर्ता राकेश मिश्र, अशोक कुमार सिंह, अशोक कुमार घोषाल, आशीष सिंह, प्रकाशभानु महतो, हीरालाल एवं श्याम कुमार मुख्य रूप से शामिल थे. शिविर में उपस्थित पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस का अगला नेत्र शिविर समाजसेवी व उद्योगपति दम्पति स्मिता पारिख एवं राज पारिख के संयोजन में 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
आहरगुट्टू में लगा ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर

वहीं दूसरी ओर, पूर्वी सिंहभूम जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सीएसआर कार्यक्रम के तहत सोमवार को आहरगुट्टू क्लब भवन में ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस शिविर में चिकित्सक डॉ जया मोइत्रा एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 43 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ ही उन्हें आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई. साथ ही, गर्मी के मौसम में शरीर को स्वस्थ रखने को लेकर जागरुकता कार्यक्रम भी चलाया गया. शिविर में रेड क्रॉस कार्यकर्ता राजेश मोहन प्रसाद, राधेश्याम कुमार एवं मुकेश बेरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.



