बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड स्थित पानीपोड़ा गांव के पास सुवर्णरेखा नदी किनारे मिले सिलेंडर बम को सेना ने बुधवार सुबह सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. बम मिलने के बाद से ही इलाके में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया था. एहतियात के तौर पर सेना ने करीब एक किलोमीटर के दायरे को घेर लिया था, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके. बम को डिफ्यूज करने की प्रक्रिया बेहद सावधानी से पूरी की गयी. इस दौरान तेज धमाका हुआ और धुएं का गुबार लगभग 50 फीट तक उठा. हालांकि, सेना की दक्षता के कारण किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई. यह बम 15 अप्रैल को उस समय मिला था, जब मछुआरे नदी में मछली पकड़ रहे थे. जाल में फंसे इस संदिग्ध वस्तु को वे किनारे ले आए, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गयी. जांच में यह सिलेंडर बम निकला. इसके बाद सेना और पुलिस ने इलाके को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गयी. (नीचे भी पढे़ं)

बम को निष्क्रिय करने के लिए लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर उसमें रखा गया और नियंत्रित तरीके से विस्फोट कर निष्क्रिय किया गया. मौके पर बहरागोड़ा पुलिस भी मौजूद रही. थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने पुष्टि की कि बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया है. गौरतलब है कि इसी इलाके में इससे पहले भी 17 मार्च और 24 मार्च को दो बम बरामद किए जा चुके हैं, जिन्हें 25 मार्च को सेना ने डिफ्यूज किया था. इनमें एक 227 किलो का अमेरिकी बम भी शामिल था. विशेषज्ञों के अनुसार, यह बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है. माना जा रहा है कि चाकुलिया एयरपोर्ट का उपयोग उस दौरान सैन्य गतिविधियों के लिए किया जाता था और संभवतः उसी समय ये विस्फोटक इस क्षेत्र में लाए गए थे. लगातार बम मिलने की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है, हालांकि सेना की तत्परता से हर बार स्थिति को नियंत्रित किया जा रहा है.











