जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में बुधवार को विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उसके महत्व को समझाने के उद्देश्य से पृथ्वी दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर बच्चों के लिए अनेक ज्ञानवर्धक और उद्देश्य पूर्ण कार्यक्रमों जैसे पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, ड्राइंग, क्विज कंपटीशन, स्लोगन, वृक्षारोपण आदि का आयोजन किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानवर्धक स्पीच से हुआ जिसके माध्यम से बच्चों ने पृथ्वी दिवस से संबंधित अपने-अपने विचारों को व्यक्त करते हुए यह समझाने की कोशिश की, कि पृथ्वी भी हमारे सभी क्रियाकलापों को महसूस करती है अतः हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि हम अपने पर्यावरण को सदैव स्वच्छ रखें ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियां भी बेहतर जीवन यापन कर सके. (नीचे भी पढ़ें)

पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने पृथ्वी बचाओ भविष्य बचाओ, वायु प्रदूषण, वनो की कटाई, जल संरक्षण आदि विषयों पर सुंदर और प्रभावशाली पोस्टर बनाए इसके अतिरिक्त स्लोगन, क्विज कंपटीशन तथा ड्राइंग आदि में भी बच्चों का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा. बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए नृत्य से विद्यालय का वातावरण सजीव हो उठा. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ.











