
जमशेदपुर : शुक्रवार को जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 13ए में वार्ड संख्या 19 की पार्षद रानी परवीन के नए कार्यालय का विधिवत उदघाटन किया गया. उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा. कार्यक्रम का उद्घाटन मानगो के डिप्टी मेयर राहुल कश्यप एवं पूर्व नगर निगम मेयर प्रत्याशी ज़ेबा खान ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया. इस अवसर पर वार्ड 19 सहित आसपास के क्षेत्रों के कई पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे. समारोह के दौरान वक्ताओं ने पार्षद रानी परवीन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे हमेशा वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहती हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

जलापूर्ति, सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर उनकी सक्रियता को भी रेखांकित किया गया. उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नए कार्यालय के शुरू होने से आम लोगों को अपनी समस्याएं रखने में और अधिक सुविधा होगी. पार्षद रानी परवीन ने इस मौके पर कहा कि यह कार्यालय वार्डवासियों की सेवा के लिए समर्पित रहेगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर नागरिक की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उसके समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा. साथ ही उन्होंने वार्ड के लोगों से अपील की कि वे किसी भी समस्या के लिए सीधे कार्यालय आकर या संपर्क कर अपनी बात रखें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. नए कार्यालय के उद्घाटन से वार्ड 19 में जनसंपर्क और प्रशासनिक पहुंच को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है..







