आदित्यपुर : आदित्यपुर के वार्ड नंबर 22 स्थित एस-टाइप क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान उसने खुद को चोर बताते हुए चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह रात में चोरी करता है और दिन में इसी इलाके में छिप कर आराम करता है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों के कहने पर आरोपी ने अपना ठिकाना भी दिखाया. जब लोग वहां पहुंचे तो वे हैरान रह गए. चोर एक जर्जर सरकारी भवन में रह रहा था, जो पूरी तरह खंडहर में तब्दील हो चुका है. अंदर जांच करने पर वहां खाने-पीने के सामान और रोजमर्रा की कई वस्तुएं मिलीं, जिससे यह साफ हो गया कि यह स्थान असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका था. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय निवासी संजीव उर्फ बबुआ सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पहले भी पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने की मांग की गई थी. उन्होंने कहा कि इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ने से लोग दहशत में हैं. साथ ही, जर्जर भवन कभी भी हादसे का कारण बन सकता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन की जल्द मरम्मत कराई जाए या इसे सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न घटे और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लग सके.







