जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत एनएच-33 स्थित चांदनी चौक के पास ग्राम कुसतिला में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल व्याप्त है. मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गोरखा सिंह के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से देर रात घर लौट रहे थे, तभी अंधेरे का फायदा उठाते हुए किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

सूचना पाकर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एनएच-33 पर रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषी को पकड़ लिया जाएगा.







