नयी दिल्ली: मणिपुर में केंद्र सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रपति शासन लगा दिया. यह फैसला मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के 4 दिन बाद लिया गया. श्री सिंह ने 9 फरवरी को गवर्नर को इस्तीफा सौंपा था. राज्य में 21 महीने (3 मई 2023) से जारी जातीय हिंसा के चलते 300 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं. इसी के चलते बीरेन पर इस्तीफे का काफी दबाव था. विपक्षी पार्टियां भी लगातार एनडीए से इस मुद्दे पर सवाल पूछ रही थीं. (नीचे भी पढ़े)

इस संबंध में कूकी समुदाय की संस्था आईटीएलएफ के प्रवक्ता गिन्जा वूलजोंग ने कहा बीरेन सिंह ने मणिपुर विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव में हार के डर से इस्तीफा दिया है. हाल ही में उनका एक ऑडियो टेप लीक हुआ था, जिसका संज्ञान सुप्रीम कोर्ट ने लिया है. ऐसे में अब भाजपा के लिए भी उन्हें बचाना मुश्किल लग रहा है. बीरेन चाहे मुख्यमंत्री रहें या नहीं, हमारी मांग अलग प्रशासन की है. मैतेई समुदाय ने हमें अलग किया है. अब हम पीछे नहीं हट सकते. बहुत खून बह चुका है. एक राजनीतिक हल ही हमारी मुसीबत का समाधान कर सकता है. कूकी समुदाय अलग प्रशासन की मांग को लेकर अब भी जस का तस कायम है.














