जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) में वित्तीय समावेशन के प्रमुख संकेतकों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया. इस महत्वपूर्ण बैठक में वित्तीय सेवा विभाग, नई दिल्ली के अवर सचिव जॉय सक्सेना की उपस्थिति रही. बैठक का संचालन अग्रणी जिला प्रबंधक संतोष कुमार द्वारा सफलतापूर्वक किया गया. बैठक की शुरुआत जिला योजना पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार द्वारा जॉय सक्सेना का गुलदस्ता और शाल भेंट कर स्वागत करने से हुई. इसके पश्चात जॉय सक्सेना की अनुमति से अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा बैठक की शुरुआत की गई. बैठक के दौरान आकांक्षी जिले के प्रदर्शन का विस्तृत विवरण डीडीएम नाबार्ड जस्मिका बास्के, सभी बैंकों के समन्वयकों तथा जिले के अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में सिलसिलेवार ढंग से सभी वित्तीय संकेतकों की समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान जॉय सक्सेना ने कुछ बैंकों, विशेषकर बंधन बैंक और इंडियन बैंक, को आधार सीडिंग में अपना योगदान प्रतिशत बढ़ाने का निर्देश दिया. जिले के विभिन्न श्रेणियों में प्रदर्शन लक्ष्य के अनुपात में बेहतर पाया गया. प्रमुख उपलब्धियां कई तरह शामिल है, जिसमें जन धन खातों में आधार सीडिंग 90% (कुल 8,87,368 खातों में), ऑपरेटिव सीएएसए 113%, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) 179%, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाइ) 128% और अटल पेंशन योजना (एपीवाइ) 213% है. जॉय सक्सेना ने जिले के प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य वित्तीय संकेतकों में और अधिक सुधार करने पर बल दिया. उन्होंने बैंकों और प्रशासन को मिलकर वित्तीय समावेशन को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु निर्देशित किया.














