रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक की है. कैबिनेट की बैठक में कुल 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी. इसके तहत राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) में बढ़ोत्तरी को मंजूरी दी गयी. इसके अलावा मारुति के साथ समझौता कर नये लोगों को सीएसआर के तहत ट्रेनिंग देने को भी मंजूरी दी गयी. राज्य सरकार ने उद्योग को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमइ सेक्टर को विशेष छूट देने के लिए अलग से विधेयक का गठन करने की मंजूरी दी है. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रीपरिषद (कैबिनेट) की बैठक में लिये गये फैसले :
- झारखण्ड सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाई (एमएसएमइ) विशेष छूट विधेयक-2025 के गठन की स्वीकृति दी गई.
- बिहार राज्य औद्योगिक विकास निगम (बीएसआइडीसी) एवं बिहार स्टेट इलेक्ट्रोनिक डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसइडीसीएल) से संबंधित आस्तियों एवं दायित्वों के बंटवारे की स्वीकृति दी गई.
- सुनील कुमार तत्कालीन उप निदेशक भूमि संरक्षण अनुसंधान केन्द्र डेमोटांड, हजारीबाग-सह-निदेशक “समेति” सम्प्रति सेवानिवृत्त के द्वारा समर्पित विभागीय संकल्प के माध्यम से अधिरोपित दण्ड पर पुनर्विचार संबंधी आवेदन को अस्वीकृत किये जाने की स्वीकृति दी गई.
- झारखण्ड जगुआर (एसटीएफ) में प्रतिनियुक्त स्वर्गीय राजेश कुमार, तत्कालीन उप समादेष्टा, 84वी वाहिनी, सीमा सुरक्षा बल के आश्रित को सेवांत लाभों के भुगतान की स्वीकृति दी गयी.
- झारखण्ड आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका चयन एवं मानदेय (अन्य शर्तों सहित) नियमावली, 2022 (यथा संशोधित) में संशोधन की स्वीकृति दी गई.
- राज्य सरकार के कर्मियों को अपुनरीक्षित वेतनमान (छठा केन्द्रीय वेतनमान 1 जुलाई 2024 के प्रभाव से महंगाई भत्ता की दरों में अभिवृद्धि की स्वीकृति दी गई.
- राज्य सरकार के पेंशनधारियों या पारिवारिक पेंशनभोगियों को अपुनरीक्षित वेतनमान (छठा केन्द्रीय वेतनमान) में दिनांक 01.07.2024 के प्रभाव से महंगाई राहत की दरों में अभिवृद्धि की स्वीकृति दी गई.
- राज्य सरकार के कर्मियों को अपुनरीक्षित वेतनमान (पंचम वेतनमान) में दिनांक 01.07.2024 के प्रभाव से महंगाई भत्ता की दरों में अभिवृद्धि की स्वीकृति दी गई.
- झारखण्ड कारखाना (संशोधन) नियमावली, 2023 के प्रस्ताव पर मंत्रिपरिषद् की स्वीकृति दी गई.
- राज्य के चयनित सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में बाजार माँगो के अनुसार नवीनतम तकनीकि जानकारी ऑटोमोबाईल निर्माण व्यवसायों (ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चरिंग ट्रेड्स) में प्रदान करने हेतु झारखण्ड वित नियमावली के नियम 235 को नियम 245 के तहत शिथिल करते हुए मनोनयन के आधार पर मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, कॉरपोरेट ऑफिस प्लॉट नं0-01, नेल्सन मंडेला रोड, बसंत कुंज, नई दिल्ली के सहयोग से CSR के तहत समझौता ज्ञापन (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) हस्ताक्षर करने के लिए मंत्रिपरिषद् की स्वीकृति दी गई.
- “इज ऑफ डूइंग बिजनेस” के तहत औद्योगिक नीति एवं संवर्द्धन विभाग, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा तैयार किये गये “बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान” के अनुपालन हेतु कारखाना अधिनियम, 1948 के केन्द्रीय अधिनियम संख्या 63 में संशोधन हेतु कारखाना (झारखण्ड संशोधन), विधेयक, 2024 की स्वीकृति दी गई.
- डब्ल्यूपी एस नंबर 3600/2021 प्रेम कुमार सिंह एवं अन्य में झारखण्ड उच्च न्यायालय रांची द्वारा पारित न्यायादेश दिनांक 20.09.2022 एवं इससे उदभूत अवमाननावाद संख्या-147/2023 में पारित आदेश के अनुपालन हेतु वादीगण की सेवा नियमितीकरण की स्वीकृति दी गई.














