चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के लोंजो घाटी में सीआरपीएफ 60 जवानों की वैन अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दुर्घटना में आठ जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिनमें 6 की हालत नाजुक बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि बुधवार को जवान नक्सल विरोधी अभियान से मैक्स पिकअप वैन से आ रहे थे. इसी दौरान यह वैन पलट गई. जिसमें आठ जवान घायल हो गए. घायलों का इलाज चक्रधरपुर के रेलवे अस्पताल में चल रहा है जबकि कुछ जवानों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. इधर सीआरपीएफ 60 बटालियन के कमांडेंट अंबुज मुथल ने रेलवे अस्पताल पहुंचकर इलाजरत घायल जवानों का हालचाल जाना. साथ ही घटना के बारे में जानकारी ली. घायल जवानों में श्वेत बिरुवा, आरसी दास, निरंजन बिनजोग, आर हेंब्रम, सारण गणेश, एके टोप्पो समेत अन्य शामिल हैं.



