सरायकेला : सरायकेला थाना अंतर्गत चाडरी मोड़ के समीप शनिवार की शाम हुए जोरदार सड़क हादसे में एक कार के परखच्चे उड़ गए. गनीमत रही कि समय पर कार में लगा एयर बैलून खुल गया और कार में सवार चालक बाल- बाल बच गया. हालांकि घटना के बाद कार चालक कार में ही फंस गया जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया. उधर सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. समाचार लिखे जाने तक चालक की पहचान नहीं हो सकी है. प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो काले रंग की कार संख्या जेएच 22डी- 7333 अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे लोहे के फ्रेम से टकरा गई. बताया कि कार इतनी तेज गति में थी कि टक्कर होने पर कार पलट गई और उल्टी दिशा में घूम कर खड़ी हो गई. समय रहते एयरबैग खुल गया जिससे कार के चालक को ज्यादा गंभीर चोट नहीं लगी.














