सरायकेला: झारखंड का शिक्षा विभाग भी अजीबो- गरीब कारनामों से सुर्खियां बटोरता रहता है. ताजा मामला सरायकेला जिले का है. जहां राजनगर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनकाटी में एक मुन्ना भाई फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी कर रहा है. मजे की बात तो यह है कि विभाग के अधिकारी इस मुन्ना भाई के हरकत से अनजान है. दरअसल इस मुन्ना भाई के कारनामे जग जाहिर हैं मगर विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है. इसके पीछे के कारणों का जब पता लगाने हमारी टीम जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय पहुंची तो वहां के अधिकारी भी सन्न रह गए. जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है. चलिए अब आपके पूरे मामले से अवगत कराते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल राजनगर संकुल में प्रखंड संसाधन सेवी के रूप में 2005 से 2015 तक बाउरी बंधु महतो के नाम से एक शख्स ने योगदान दिया. उसके बाद बाउरी बंधु महतो कहां गया इसकी जानकारी किसी को नहीं है. जब हमारी टीम ने बाउरी की तलाश शुरू की तो पता चला कि वह सख्स 2016 के शिक्षक बहाली में अपना नाम बदलकर प्रशांत कुमार महतो बन गया और उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनकाटी में सहायक शिक्षक के रूप में कार्यरत है. है ना मजे की बात. 2016 से 2024 यानी कुल 9 साल से यह मुन्ना भाई सरकार और विभाग को बेवकूफ बना रहा है यह हजम करने वाली बात नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
दरअसल इसके रसूख ऐसे हैं कि इसकी पहुंच नीचे से लेकर ऊपर तक के अधिकारियों तक है. अंदरखाने की माने तो इस मुन्ना भाई की पहुंच सरकार तक है. इसके पास हर विभाग का मुहर और लेटरपेड उपलब्ध है. शिक्षा माफिया के रूप में इलाके में इसकी पहचान होती है. मैट्रिक- इंटर की परीक्षा पास करनी हो सर्टिफिकेट लेनी हो आप इससे संपर्क कर सकते हैं. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि जिला शिक्षा अधीक्षक इस मुन्नाभाई पर क्या एक्शन लेते हैं.











