गालूडीह: प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद गालूडीह थाना क्षेत्र में हाइवे पर अवैध पत्थर लदे हाइवा का परिचालन धड़ल्ले से जारी है. जानकारी के अनुसार हाइवे पर दिन के उजाले में ही अवैध पत्थरों को क्रशरों में बेरोकटोक पहुंचाया जाता है. जिम्मेदार अधिकारी सब कुछ जान कर भी आंखे बंद किये हुए हैं. हाइवे पर दिनदहाड़े अवैध पत्थर का परिवहन होता है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती है. अवैध पत्थरों से जहां एक ओर सरकार को राजस्व की क्षति हो रही है, तो इलाके में अवैध खनन को भी बढ़ावा मिल रहा. इससे पर्यावरण का संतुलन भी बिगड़ रहा है. पत्थरों का लगातार दोहन होने से आसपास के पहाड़ों का अस्तित्व भी खतरे में पड़ गया है, पत्थरों के उत्खनन से पेड़ पौधे भी नष्ट हो रहे हैं जिससे पर्यावरण पर भारी खतरा भी मंडरा रहा है.














