सरायकेला: सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी स्थित सोना डूंगरी में एकलव्य मॉडल स्कूल के शिक्षक भवन निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा घटिया निर्माण सामग्री के मिश्रण से काम किया जा रहा है. भवन निर्माण कार्य परिसर में लगभग 5000 सीएफटी मिट्टीनुमा बालू डंप किया गया, जिसे सीमेंट के मिश्रण में मिलाकर भवन के बुनियादी ढांचों का निर्माण हो रहा है. घटिया सामग्री का प्रमाण एक-एक पिलर में साफ तौर पर नजर आ रहा है.(नीचे भी पढ़े)

घटिया सामग्री से निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर संवेदक द्वारा अभद्र व्यवहार कर भगा दिया जाता है. कार्य स्थल पर मुंशी से शिलापट्ट एवं मजदूरी दर के बारे पूछा गया तो उन्होंने बताने से साफ-साफ इनकार कर दिया. मिट्टीनुमा बालू को लेकर पूछने पर बताया भवन निर्माण के जेई साहब ने इसी बालू से काम करने की अनुमति दी है. महिला मजदूर चैती देवी ने बताया कि प्रतिदिन मजदूरी करने पर 250 रुपया ही मिलता है. सरकारी हिसाब से मांग करने पर काम पर आने से मना कर दिया जाता है. कई मजदूरों को काम से निकाला जा चुका है.



