जमशेदपुर : जमशेदपुर के कई होटलों में घटिया दूध, मलाई और पनी का इस्तेमाल कर खाना बनाया जा रहा है. इसका खुलासा खाद्य निरीक्षकों की ओर से की गयी जांच में पाया गया है. जांच में कई दुकानों के सैंपल लिये गये है, जिसमें वह घटिया खाना और खाद्य सामग्री पाया गया है, जो आम आदमी के लिए हानीकारक है. ऐसे दुकानदारों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया है. इसके तहत जमशेदपुर के साकची टीबी अस्पताल के पास स्थित शादाब खटाल में मिलावटी दूध की बिक्री की गयी थी, जिस कारण उस पर करीब दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. वहीं, अतिरिक्त पांच हजार रुपये गाय और भैंस के दूध में मिलावट करने के कारण किया गया है, जिसकी जांच रिपोर्ट अब सामने आयी है. अगर ऐसी गलती फिर से होती है तो फिर ऐसे व्यक्ति के खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जायेगी. इसके अलावा साकची बाराद्वारी स्थित गंगा रिजेंसी पर भी पांच हजार रुपये का फाइन स्वास्थ्य विभाग ने लगाया है, जिसमें पाया गया है कि वहां घटिया पनी की सब्जी परोसी गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, छोटागोविंदपुर के पटेलनगर स्थित मिस्टी भोग पर विभाग ने 20 हजार रुपये का फाइन लगाया है, जहां खटिया लड्डू और खीर कदम लोगों को बेचा जा रहा था. साकची की प्रसिद्ध लक्खी एगरोल की दुकान पर भी 10 हजार का फाइन लगाया गया है, जहां घटिया पनीर और खीर परोसा जा रहा था. वित्तीय वर्ष 2023-2024 में लिये गये सैंपल का रिजल्ट सामने आने के बाद यह कार्रवाई अभी की गयी है. आपको बता दें कि घटिया, दूध, पनीर या अन्य उत्पाद सीधे तौर पर आम मानव के शरीर को नुकसान पहुंचाते है. इसको लेकर आम लोगों को भी सचेत रहने की जरूरत है.



