रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर अनुमंडल के बंदगांव प्रखंड प्रमुख पीटर घनश्याम तियू के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव चर्चा के बाद हुई वोटिंग में खारिज हो गया. यह प्रक्रिया अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में संपन्न हुई और अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के साथ ही बंदगांव प्रखंड प्रमुख की कुर्सी पर प्रमुख पीटर घनश्याम तियू के बने रहने का रास्ता साफ हो गया. जानकारी के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 6, जबकि उसके विरोध में 11 मत पड़े. तीन मत अवैध घोषित कर दिये गये. (नीचे भी पढ़ें)
अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद बाहर निकलने पर प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ होनाहागा एवं अन्य सदस्यों ने प्रमुख पीटर घनश्याम तियू का माला पहनकर स्वागत किया. सिद्धार्थ होनहागा ने कहा कि प्रमुख पीटर घनश्याम तियू अब पहले से भी बेहतर काम करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रमुख पीटर आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराते हैं. प्रमुख पीटर घनश्याम तियू ने कहा कि उनका किसी पंचायत समिति सदस्य से कोई गिला-शिकवा नहीं है, न पहले था न आगे रहेगा. सब के साथ मिल-जुलकर प्रखंड का बेतरह ढंग से विकास हो यही उनका लक्ष्य है.











