जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर की विभिन्न मस्जिदों में शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गयी. मानगो की बारी मस्जिद, जाकिरनगर की हुसैनी मस्जिद, मुंशी मोहल्ला मस्जिद, जाकिर नगर की जाफरी मस्जिद, साकची जामा मस्जिद, आम बागान मस्जिद, धतकीडीह मक्का मस्जिद, धतकीडीह बड़ी मस्जिद, जुगसलाई मस्जिद आदि में यह नमाज अदा की गयी. वक्फ बिल को लेकर काली पट्टी बांध कर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज पढ़ कर विरोध जताया. खुतबे में पेश इमाम ने ईद के मौके पर इबादत के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि ईद के दिन किसी भी प्रकार के फिजूल कामों में समय न गंवाएं. उन्होंने विशेष रूप से फिल्म और गाने-बजाने से बचने का आह्वान किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर मस्जिदों में ईद की नमाज के समय का ऐलान भी किया गया. शहर में ईद की नमाज सुबह 6:30 बजे से लेकर 8:30 बजे तक अदा की जाएगी. इसके लिए आम बागान ईदगाह, जुगसलाई ईदगाह और मानगो ईदगाह मैदानों में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं, जहां सफाई का काम जारी है. परसुडीह के मखदुमपुर जामा मस्जिद में भी जुमा की नमाज अदा की गयी, जहां सभी उम्र के लोग शामिल हुए. मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेस्डर मुख्तार आलम खान ने बताया कि नमाज के बाद ही ईद की नमाज की तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. मानगो में साफ सफाई कराई जा रही है. मानगो की शिया जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना जकी हैदर ने बताया कि ईद की नमाज सुबह आठ बजे अदा की जाएगी.














