गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के बाघबिंधा के पास हाइवे किनारे शुक्रवार सुबह करीब दस बजे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पीछे झाड़ियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में सैकड़ों पेड़-पौध भी आ गए. घटना की सूचना पर समाजसेवी मंगल कर्मकार ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे. मंगल कर्मकार ने ग्रामीणों के साथ आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन हवा के कारण आग की ऊंची-ऊंची उठती लपटों पर काबू पाना कठिन था. उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग और वन विभाग को आग लगने की सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना पाकर वन विभाग के कर्मचारी और अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंचे. अग्निशमन वाहन के आने के बाद आग पर काबू पाया जा सका. ग्रामीणों ने बताया कि हाइवे किनारे पेट्रोल पम्प है. ऐसे में समय पर अग्निशमन वाहन नहीं पहुंचता तो आग पेट्रोल पंप तक तक भी फैल सकती थी, जिससे भारी क्षति हो सकती थी. हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया.














