जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड प्रभारी रामगोपाल गुप्ता की सहमति से झारखंड प्रदेश की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई है. इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने अपने गुरुग्राम स्थित निवास कार्यालय में सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को सम्मानित किया तथा उन्हें संगठन के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएं दीं. इस नई प्रदेश कार्यकारिणी में अरुण गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है. उनके साथ-साथ अजय शाह को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं विकास गुप्ता को प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व सौंपा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान अशोक अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों को संगठन के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना से अवगत कराते हुए विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी झारखंड में वैश्य समाज के हितों की रक्षा व सामाजिक उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को प्रदेश स्तर पर और अधिक सक्रिय, संगठित एवं प्रभावी बनाना है, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट कर सेवा, शिक्षा, स्वावलंबन एवं समरसता जैसे मूल्यों को बढ़ावा दिया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
अंत में, सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प लिया तथा समाजहित में कार्य करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई. अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन एक वैश्विक सामाजिक संगठन है, जिसकी स्थापना 13 जुलाई 2014 को हुई थी. यह संगठन वैश्विक स्तर पर वैश्य समाज के प्रतिनिधित्व के लिए कार्यरत है. इसके संस्थापक अध्यक्ष पूर्व सांसद रामदास अग्रवाल रहे हैं. यह महासम्मेलन हांगकांग, दुबई, नेपाल, थाईलैंड, अमेरिका समेत कई देशों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है. संगठन का उद्देश्य वैश्य समाज को संगठित करना, राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना तथा उनके हितों की रक्षा के लिए सतत प्रयास करना है.




