रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : जगन्नाथपुर प्रखंड मुख्यालय में बुधवार को शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वाकांक्षी योजना “उन्नति का पहिया” के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ. इसमें जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ झामुमो विधायक दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकू ने स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया. इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अम्बिका कुमारी, अंचलाधिकारी मनोज कुमार मिश्रा, कल्याण पदाधिकारी संतोष उरांव, बीससूत्री कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष ललित दोराइबुरू, प्रखंड प्रमुख बुधराम पुर्ती, जिंतुगढ़ा मुंडा सोमनाथ सिंकू, बीपीओ महंती भी साइकिल वितरण समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस कार्यक्रम के तहत राजकीयकृत रसेल उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर, बीएस करेंजिया, बीएस पूर्णिया, बीएस भीमसाई, गवर्नमेंट एसईसी स्कूल गुमुरिया, एमएस गोबरगांव, एमएस कसिरा, एमएस जुंगीनन्दा, एमएस कुटियापदा, एमएस गर्ल्स स्कूल जगन्नाथपुर के विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गईं. कार्यक्रम में कुल 557 विद्यार्थियों के बीच साइकिलें बांटी जानी हैं, जिसका उद्देश्य बच्चों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान कर शिक्षा को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकू ने कहा कि आज के युग में बिना शिक्षा के कोई रास्ता नहीं है. श्री सिंकू ने बच्चों को हाट-बाजार और मुर्गा पाड़ा जैसे स्थानों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अंबिका कुमारी ने कहा कि सिर्फ शिक्षा ही एक ऐसी चीज है जो दिशा और दशा बदल सकती है. इसलिए बच्चे पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें. उन्होंने शिक्षकों से कहा कि जिन बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है, वैसे बच्चों की लिस्ट तैयार कर उनके कार्यालय में भेजने को कहा और वहां से जन्म प्रमाण पत्र बना लेने की हिदायत दें.







