जमशेदपुर : जमशेदपुर के बारीडीह निवासी स्क्रैप कारोबारी अजय शर्मा को डायरेक्टर जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआइ) की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. उन पर फर्जी बिलों के जरिए टैक्स चोरी करने का आरोप है. डीजीजीआइ की जांच में सामने आया है कि अजय शर्मा का संबंध स्क्रैप कारोबार से जुड़े उस कथित टैक्स चोरी नेटवर्क से है, जिसमें पहले भी कई कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है. जांच के दौरान उनका नाम स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता से जुड़े मामले में सामने आया. इसके बाद डीजीजीआइ की टीम ने उनके ठिकानों पर छापामारी की और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

गिरफ्तारी के बाद डीजीजीआइ की टीम अजय शर्मा को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची. मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई. गौरतलब है कि इसी मामले में स्क्रैप कारोबारी विक्की भालोटिया, शिव देवरा और अमित गुप्ता करीब एक वर्ष से रांची की जेल में बंद हैं. डीजीजीआइ का मानना है कि अजय शर्मा की कथित संलिप्तता भी इसी नेटवर्क में रही है. फिलहाल एजेंसी मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.







