चाकुलिया : बुधवार शाम 4 जंगली हाथियों का दल जंगल से निकलकर अचानक चाकुलिया –मटिहाना मुख्य सड़क पर आ गया, जिसके कारण चाकुलिया-बहरागोड़ा मार्ग पर कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन बाधित हो गया. वहीं हाथियों के आने की सूचना पाकर गांव के लोग वहां आ पहुंचे और किसी तरह खदेड़ कर हाथियों को सड़क से हटाया तब जाकर सड़क पर यातायात सामान्य हो पाया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं कुछ ग्रामीण युवक बार बार हाथियों के समीप जाकर हाथियों का परेशान करते भी दिखे, जो सरासर गलत व्यवहार था. वन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी क्षेत्र के लोगों से लगातार अपील कर रहे हैं कि हाथियों के आने पर वे लोग उनके करीब नहीं जाएं और न ही फोटो लें, बल्कि हाथियों को चले जाने के लिए मार्ग दें ताकि हाथी शांति से जा सकें. परंतु क्षेत्र के युवा हाथियों को भगाने के चक्कर में उन्हें परेशान कर रहे हैं जिससे वे और उग्र हो सकते हैं. शोशल मीडिया में जारी एक विडियो में साफ दिख रहा है कि हाथी सड़क के एक छोर से दूसरे छोर जाने के लिए सड़क पार कर रहे हैं और कुछ युवक शोर मचाकर हाथियों को भड़का रहे हैं और बार बार हाथियों का दल इधर-उधर जाते दिख रहे हैं. बताते चलें कि हाथियों के उक्त दल में एक बच्चा हाथी भी है जिसके कारण हाथी कभी भी उग्र हो सकते हैं.







