कांड्रा : कांड्रा थाना क्षेत्र के डूंगरा गांव में रविवार को घर निर्माण के दौरान एक मजदूर की अल्बेस्टर के नीचे दबकर दर्दनाक मौत हो गयी. मृतक की पहचान डूंगरा निवासी 40 वर्षीय पवन मंडल के रूप में हुई है. वह रजनीकांत नामक व्यक्ति के नव निर्मित मकान के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर के ऊपर से अल्बेस्टर उतारा जा रहा था, तभी अचानक अल्बेस्टर पवन मंडल पर गिर पड़ा, जिससे वह दब कर घायल हो गया. घटना के बाद साथी मजदूरों और घर मालिक ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शाम में उसकी मौत हो गयी. पवन मंडल विवाहित था और उसे दो छोटे बच्चे भी हैं. उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया है. घर मालिक ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की सहमति जताई है. सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया. इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है.














