जमशेदपुर: सीबीएसई कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित होने के साथ ही जमशेदपुर की होनहार छात्रा कौशिकी पाठक ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से पूरे जिले का मान बढ़ा दिया है. आर्ट्स स्ट्रीम में 98.2 फीसदी अंक हासिल कर उन्होंने जिले में टॉप किया है. कौशिकी डीएवी पब्लिक स्कूल बिष्टुपुर की छात्रा हैं और इससे पहले उन्होंने कक्षा 10वीं की परीक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल से 96.4 फीसदी अंक के साथ उत्तीर्ण की थी. कौशिकी ने बातचीत में बताया कि उन्हें अंग्रेज़ी, इतिहास, अर्थशास्त्र में 98 अंक, भूगोल में 97 और राजनीतिक विज्ञान में 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए. उनके पिता पूर्णेन्दु पाठक एक व्यवसायी हैं और माता रीना पाठक एक गृहिणी. कौशिकी का मानना है कि उनके माता-पिता ही उनके सबसे बड़े पावर हाउस रहे हैं. उन्होंने कभी किसी प्रकार की कोचिंग या ट्यूशन नहीं ली, बल्कि खुद से पढ़ाई कर और माता-पिता के सहयोग से यह मुकाम हासिल किया. (नीचे भी पढ़ें)

इतना ही नहीं, उन्होंने इस साल अपने छोटे भाई सूर्य शंकर पाठक को भी पढ़ाया, जिन्होंने 10वीं की परीक्षा में 91.2 फीसदी अंक हासिल किए हैं. कौशिकी ने बताया कि 12वीं की परीक्षा के साथ-साथ उन्होंने क्लैट की भी तैयारी की और पूरे भारत में 159वीं रैंक प्राप्त की, जिससे उन्हें देश के शीर्ष लॉ कॉलेजों में दाखिला मिलने की संभावना है. उनका सपना है कि वे एनएलएस बेंगलुरु या एनएएलएसएआर हैदराबाद से कानून की पढ़ाई करें और आगे चलकर सिविल सर्विस की तैयारी करें. वे मानती हैं कि इस साल सीबीएसई का परीक्षा शेड्यूल बहुत अच्छा था, जिससे उन्हें हर विषय की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिला. आखिर में वे आगामी परीक्षार्थियों को सलाह देती हैं कि वे पढ़ाई को लेकर दबाव में न आएं, मन को शांत रखें और मुख्य रूप से एनसीइआरटी पुस्तकों पर ध्यान दें, क्योंकि यही पुस्तकें न केवल बोर्ड परीक्षा बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी मार्गदर्शक सिद्ध होती हैं. कौशिकी पाठक आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं, जिन्होंने आत्मबल और अनुशासन से सफलता की नई मिसाल पेश की है.




