आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत राम मड़ैया बस्ती में नवजात का शव दफन किए जाने की खबर प्रकाशित किए जाने के 24 घंटे बाद पुलिस हरकत में आई है. पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में रेलवे ब्रिज के नीचे से कब्र खोदकर नवजात का शव बरामद किया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नवजात का शव रेलवे ब्रिज के नीचे दफनाया गया है. सूचना के सत्यापन के लिए दंडाधिकारी की तैनाती करते हुए खुदाई कराई गई. वहां से मृत अवस्था में नवजात का शव बरामद किया गया जिसे निकाल कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

मालूम हो कि शार्प भारत ने शनिवार को इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. उसके बाद पुलिस एवं प्रशासनिक महकमा हरकत में आया और रविवार को नवजात के शव को कब्र से बाहर निकाल कर वैधानिक कार्रवाई शुरू करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.











