जमशेदपुर: जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर के जनता मार्केट इलाके में शनिवार रात एक महिला समेत तीन लोगों को उनके ही घर में बुरी तरह पिटाई कर दी गयी. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. इस हमले में किरण तिवारी, राहुल तिवारी और रोहित तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार की रात करीब 10 बजे गोविंदपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप प्रज्ञा केंद्र वाली सड़क पर एक हाइवा ट्रक के बीच सड़क में खड़े होने को लेकर चालक और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हुआ था. इस दौरान पीड़ितों ने भी ट्रक हटाने की बात कही थी. हालांकि उस समय मामला गर्मा-गरमी तक सीमित रहा. लेकिन असली हमला उसके बाद हुआ.(नीचे भी पढ़े)
पीड़ितों का आरोप है कि ट्रक चालक और खलासी ने मामूली विवाद को आधार बनाकर अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की ठान ली. रात में करीब 15-20 की संख्या में हमलावर पीड़ितों के अपार्टमेंट में घुस आए, जहां पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे. जैसे ही उन्हें मौका मिला, उन्होंने बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से तीनों पर हमला कर दिया. इसमेंकिरण तिवारी, राहुल और रोहित को गंभीर चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़ितों का कहना है कि यह हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध था. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.











