जमशेदपुर: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा निवासी मयंक कुमार उपाध्याय (24) जो आरवीएस कॉलेज के छात्र ने गुरुवार सुबह अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार, मयंक बुधवार की रात अपने कमरे में सोने गया था. गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो उन्होंने मयंक को फंदे से लटका पाया. घटना की सूचना तुरंत परसुडीह थाना पुलिस को दी गयी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है. परिजनों का कहना है कि उन्हें भी मयंक के आत्महत्या करने की वजह समझ नहीं आ रही है. बताया गया कि मयंक के पिता रमेश उपाध्याय पूर्व में भाजपा परसुडीह मंडल के महामंत्री रह चुके हैं. वर्तमान में वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) से जुड़े हुए हैं. इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है.












