सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत शेन इंटरनेशनल स्कूल के समीप गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को रोड एम्बुलेंस से टीएमएच ले जाया गया. दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है. घायलों की पहचान बिरबांस निवासी लव कालिंदी व भोलाडीह निवासी प्रदीप कुंभकार के रूप में हुई है. घटना देर रात करीब 11:30 बजे के आसपास की है. मिली जानकारी के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल संख्या जेएच 05डीएल- 2032 पर सवार तीन युवक कोलाबिरा की ओर से कांड्रा की ओर जा रहे थे. शेन इंटरनेशनल स्कूल की ओर समीप कांड्रा की ओर से आ रहे काले रंग एसयूबी ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
इधर सड़क पर लहूलुहान पड़े युवकों को देख प्रेस क्लब के संरक्षक संतोष कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष मनमोहन सिंह, विश्वरूप पांडा, विपिन वार्ष्णेय, के दुर्गा राव, सुमित सिंह एवं बलराम पांडा ने तत्काल इसकी सूचना एसपी को देते हुए राहत सेवा भेजने और भाग रहे एसयूवी को पकड़ने का अनुरोध किया. वहीं जेआरडीसीएल के एम्बुलेंस को भी सूचना दी. जहां सूचना पर पहुंचे रोड एम्बुलेंस पर दोनों घायलों लादकर टीएमएच भिजवाया. उधर सूचना मिलते ही एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर सरायकेला पुलिस ने भाग रहे एसयूबी को धर दबोचा और जब्त कर लिया.











