जमशेदपुर : देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई – ज़ेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर द्वारा बेंगलुरु स्थित ताज एमजी रोड में आयोजित कॉर्पोरेट सम्मेलन “रेनडेजवस विथ एक्सएलआरआइ – बेंगलुरु 2025” का आयोजन किया गया. जिसमें उद्योग और शिक्षा जगत के दिग्गजों ने एक मंच पर आकर “भविष्य के कार्य, कौशल और नेतृत्व” पर विचार साझा किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एक्सेंचर की सीनियर मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीएचआरओ सी लक्ष्मी उद्घाटन सत्र के दौरान उपस्थित थीं. उन्होंने उद्घाटन भाषण में कहा कि, आज जिस गति से तकनीकी नवाचार कार्यस्थल को परिवर्तित कर रहे हैं, उसमें कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी साझा हो गई है. स्किल डेवलपमेंट, लीडरशिप ट्रेनिंग और ह्यूमन वैल्यूज़ अब केवल एचआर का विषय नहीं, बल्कि रणनीतिक प्राथमिकता है. (नीचे भी पढ़ें)

तकनीक के तीव्र विस्तार के बीच आज की आवश्यकता है कि हम प्रतिभा विकास के मॉडलों को फिर से परिभाषित करें. एक्सएलआरआई जैसे संस्थान न केवल भविष्य के लीडर्स तैयार करते हैं, बल्कि उन्हें मूल्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ते हैं. इसके बाद पैनल चर्चा हुई जिसका विषय था “भारतीय परिप्रेक्ष्य में भविष्य का कार्य, कौशल और प्रतिभा”. चर्चा में शामिल विशेषज्ञ में प्रीथा राधाकृष्णन (पार्टनर, डेलॉइट), प्रतीक रॉय चौधरी (वरिष्ठ एचआर लीडर),अजय कुमार (संस्थापक, थाउसेंट्रिक), रंजीता घोष (ग्लोबल सीएमओ, विप्रो) शामिल थे. चर्चा के दौरान जेन जेड की कार्यशैली, डिजिटल स्किल्स, और वर्चुअल-हाइब्रिड नेतृत्व की नई चुनौतियों पर रोशनी डाली गई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने युवा पीढ़ी की कार्यशैली, स्किल्स में बदलाव, और लीडरशिप की नई परिभाषा पर विचार साझा किए. कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे प्रोफेसर कनकराज ए. ने एक्सएलआरआई के प्रमुख पाठ्यक्रमों पीजीडीएम ( बीएम), पीजीडीएम (एचआरएम) जीएमपी, एफपीएम, इएफपीएम आदि की जानकारी दी और इंडस्ट्री सहयोग की विभिन्न पहल जैसे एक्सप्लोर सीएक्सओ प्लेटफॉर्म, कॉर्पोरेट लेक्चर सीरीज़, एडवाइजरी काउंसिल आदि पर प्रकाश डाला. इस दौरान कॉर्पोरेट रिलेशंस एवं प्लेसमेंट की वाइस प्रेसिडेंट एवं प्रमुख रजनी रंजन ने कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई और इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. एक्सएलआरआई के प्रोफेसर गिरीधर रामचंद्रन और प्रोफेसर सुनील सारंगी की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और समृद्ध किया. कार्यक्रम का समापन में 60 से अधिक कंपनियों के 100 से ज्यादा वरिष्ठ प्रतिनिधियों और एक्सएलआरआई के पूर्व छात्रों ने भाग लिया. यह आयोजन एक्सएलआरआई के उद्योग-शिक्षा साझेदारी की प्रतिबद्धता, नेतृत्व निर्माण की सोच और उत्कृष्टता आधारित शिक्षा की स्पष्ट मिसाल पेश करता है.



