चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली पंचायत के बाउरीबासा गांव के 24 वर्षीय युवक बढ़ई मुर्मू पर गुरुवार की सुबह जंगल में शौच करने के दौरान एक हाथी ने हमला कर दिया. हमले में युवक को हल्की चोट आई है. इस हमले से युवक बाल-बाल बच गया. ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी. सूचना पाकर वन विभाग के वनरक्षी विप्लव कुमार, मुकेश गोराई, अनूप बेरा पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां उसका इलाज जारी है. मिली जानकारी के अनुसार बढ़ई मुर्मू अपने घर के पास स्थित जंगल में शौच कर रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान एक हाथी ने उसे खदेड़ा. भागने के दौरान बढ़ई मुर्मू का पैर एक कटे हुए पेड़ के ठूंठ से टकरा गया और वह गिर पड़ा. इसके बाद हाथी ने उसे अपने पैर से दबाया. ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने के बाद हाथी बढ़ई मुर्मू को छोड़कर जंगल में भाग गया. बढ़ई मुर्मू को हल्की चोट लगी है. ग्रामीणों के मुताबिक आसपास के जंगल में सात जंगली हाथी शरणागत हैं. इधर, वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम गांव पहुंची है और हाथियों को खदेड़ने के प्रयास में जुटी है,ताकि हाथी गांव में घुसकर जान और माल का नुकसान नहीं पहुंचा सकें.



