देवघर: उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा व पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुंग की अध्यक्षता में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर समाहरणालय सभागार में सबंधित अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया. बैठक के दौरान उपायुक्त ने विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था के अलावा रुटलाइन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों, कार्यपालक अभियंता व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया. बैठक के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने राष्ट्रपति की प्रस्तावित दो दिवसीय देवघर यात्रा के मद्देनजर उनके आवागमन वाले प्रस्तावित सभी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के अलावा सड़क की मरम्मत को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों से प्रोटोकॉल के मुताबिक ससमय तैयारियों को पूर्ण करने का निर्देश दिया. साथ ही उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि देवघर एयरपोर्ट, बाबा मंदिर, सर्किट हाउस और एम्स स्तिथ कार्यक्रम स्थल समेत सभी प्रमुख जगहों पर नोडल अधिकारी की तैनाती के अलावा राष्ट्रपति के आवागमन वाले मार्ग में व्यापक सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.(नीचे भी पढ़े)

सुरक्षा व्यवस्था के साथ आवश्यक सभी तैयारियों को ससमय करे पूर्ण:बैठक के दौरान उपायुक्त ने एक दूसरे के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रोटोकॉल के मुताबिक सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. साथ ही भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिया गया. साथ ही फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य सुविधा, एम्बुलेंस, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया.बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त,अपर समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी, बाबा बैद्यनाथ मंदिर सह अनुमण्डल पदाधिकारी देवघर, अनुमण्डल पदाधिकारी मधुपुर, सिविल सर्जन, एयरपोर्ट व एम्स के वरीय अधिकारी, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण-II), पूर्वी रेलवे आसनसोल, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी देवघर, पुलिस उपाधीक्षक,यातायात सहित सम्बंधित विभाग के सभी अधिकारी उपस्थित थे.



